जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बगीचा थाना से महज 5 मीटर की दूरी पर स्थित एक मोबाइल शोरूम में देर रात बदमाशों ने शटर तोड़कर लाखों रुपये के महंगे मोबाइल फोन चोरी कर लिए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, चोर देर रात दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और बड़ी संख्या में महंगे मोबाइल फोन समेटकर फरार हो गए। शुरुआती आकलन के अनुसार चोरी गए मोबाइलों की कीमत करीब 60 से 70 लाख रुपये बताई जा रही है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात बगीचा थाना से महज 5 मीटर दूर बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स में हुई। इसके बावजूद बदमाश बिना किसी रोक-टोक के चोरी कर फरार हो गए।

घटना के बाद जब दुकान संचालक मौके पर पहुंचे तो अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त मिले। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से पहले कैमरों को नुकसान पहुंचाया और फिर वारदात को अंजाम दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।

इधर, घटना से व्यापारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने और चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।