दुर्ग। जिले में सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भिलाईनगर थाना पुलिस ने गणेश पंडाल के पास खड़ी एक कार से बड़ी मात्रा में नशीली टैबलेट बरामद की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 260 नग अल्प्राजोलम टैबलेट, एक कार और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त टैबलेट की कीमत करीब 1 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
भिलाईनगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि लाल मैदान, हुडको स्थित गणेश पंडाल के पास एक सफेद रंग की कार में कुछ लोग अवैध नशीली टैबलेट लेकर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध कार की घेराबंदी कर उसमें सवार तीनों लोगों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से कुल 260 अल्प्राजोलम टैबलेट मिलीं। पुलिस ने उनसे दवाओं से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
एक आरोपी के पास से मिलीं 160 टैबलेट
पुलिस जांच के अनुसार, हेमंत कुमार देवांगन के कब्जे से 160 टैबलेट बरामद हुईं, जबकि अमन सिंह और आशीष दास के पास से 50-50 टैबलेट मिलीं। बरामद टैबलेट का कुल वजन 33.800 ग्राम बताया गया है।
कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की कार क्रमांक CG 04 H 4345 को भी जब्त किया है। कार की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपियों से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
भिलाईनगर थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 540/2026 दर्ज किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमंत कुमार देवांगन (31), आशीष दास (26) और अमन सिंह (22) के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली टैबलेट कहां से लाई गई थीं और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।





