बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में मछली चोरी को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश शनिवार रात खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि आधा दर्जन लोगों ने दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में तीरिथ यादव की मौत हो गई, जबकि उनके साथी श्याम सिंह किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक को टक्कर मारकर किया हमला
जानकारी के अनुसार, कर्रा निवासी तीरिथ यादव और श्याम सिंह खुंटाघाट बांध के पास चौकीदारी का कार्य करते थे। शनिवार रात करीब 9 बजे दोनों बाइक से कर्रा से खुंटाघाट जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गोलू धीवर, अनीश धीवर समेत करीब आधा दर्जन लोग कथित रूप से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो जैसी गाड़ी में पहुंचे और उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
बाइक से गिरते ही आरोपियों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए तीरिथ यादव खेत की ओर भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर बेरहमी से मारपीट की। वहीं, श्याम सिंह किसी तरह मौके से भागकर अपने घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
मछली चोरी का वीडियो बना विवाद की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले तीरिथ यादव ने कथित तौर पर गोलू धीवर को मछली चोरी करते हुए पकड़ लिया था और उसका वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।
आरोप है कि विवाद के दौरान गोलू धीवर ने तीरिथ यादव का मोबाइल छीनकर तोड़ दिया था, जिसकी शिकायत थाने में भी दर्ज कराई गई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था और मोबाइल की भरपाई के लिए एक हजार रुपये भी दिए गए थे। इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते ही शनिवार रात तीरिथ यादव पर सुनियोजित हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




