रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार सुबह एक युवक ने चलती ट्रेन के सामने कथित तौर पर छलांग लगा दी। समय रहते लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, लेकिन युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, आरा से दुर्ग जा रही साउथ बिहार एक्सप्रेस जब श्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, तभी युवक ने कथित तौर पर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। हादसे में उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी, जिससे करीब 15 मिनट तक रेल परिचालन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर खमतराई पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को ट्रैक से हटाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण भी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





