मरवाही। जिले के ग्राम पंचायत सेमरदरी (बगैहा) में जहरीले करैत सांप के डसने से एक युवक की मौत हो गई। बरसात के मौसम में सांपों की बढ़ती सक्रियता के बीच हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, विशेष पिछड़ी जनजाति के 30 वर्षीय बुद्धू सिंह पंडो (पिता भारत सिंह) मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान करीब तीन बजे एक जहरीले करैत सांप ने उन्हें डस लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने तत्काल डायल-112 की मदद से बुद्धू सिंह को मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषज्ञों के अनुसार, करैत देश के सबसे विषैले सांपों में से एक है, जिसका जहर तेजी से शरीर में फैलता है और समय पर उपचार नहीं मिलने पर जानलेवा साबित हो सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, रात में सोते समय सतर्क रहने तथा सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है।




