बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र में देर रात मुख्य सड़क पर धारदार फरसा लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से धारदार फरसा जब्त किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मुख्य सड़क पर फरसा लहराकर फैला रहा था भय
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि ग्राम नवापारा जरौधा की मुख्य सड़क पर एक युवक हाथ में धारदार फरसा लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। उसकी हरकतों से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया था।
सूचना मिलते ही तखतपुर थाना पुलिस पेट्रोलिंग टीम के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
फरसे का नहीं दिखा सका कोई वैध दस्तावेज
पुलिस ने आरोपी की पहचान सतकुमार खाण्डे (25 वर्ष), पिता खोर खाण्डे, निवासी ग्राम नवापारा जरौधा के रूप में की है। पूछताछ के दौरान वह धारदार फरसा रखने का कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के कब्जे से फरसा जब्त कर लिया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
यह कार्रवाई थाना तखतपुर के प्रभारी पर्यवेक्षक अवनीश पासवान के नेतृत्व में की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित अप्रिय घटना को टाल दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




