रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक की आग से झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसके दोस्तों पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप लगाया है। युवक ने सात दिनों तक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ने के बाद रविवार को दम तोड़ दिया। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

शराब पार्टी के बहाने घर से बुलाया

मृतक की पहचान मोहम्मद शाकिब (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 12 जुलाई की शाम उसका स्कूल का मित्र सोनू (18) शराब पार्टी का बहाना बनाकर उसे अपने साथ ले गया। दोनों सुयश अस्पताल के पीछे स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास एक खाली मैदान में पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने शाकिब और उसकी बाइक पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस घटना में शाकिब गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि उसकी बाइक पूरी तरह जल गई।

सात दिन तक चला इलाज, फिर हुई मौत

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे शाकिब को अस्पताल पहुंचाया। सात दिनों तक उपचार के बाद रविवार को उसने दम तोड़ दिया।

बहन ने पुराने विवाद का किया जिक्र

मृतक की बहन शहरबान ने बताया कि शाकिब और सोनू के बीच पहले एक वाहन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई थी। उनका आरोप है कि सोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर शाकिब को बुलाया और घटना को अंजाम दिया।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद परिवार को फोन कर शाकिब के जलने की सूचना दी गई। परिवार का यह भी दावा है कि एक युवक मुकेश ने कहा था कि उसकी गलती से शाकिब आग की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा

घटनास्थल के आसपास मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि शाकिब अपनी बाइक पर बैठा था, तभी उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

मृतक के चचेरे भाई मोहम्मद वाजिद अली ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से परिवार लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उनका कहना है कि पुलिस ने घटनास्थल का गंभीरता से निरीक्षण नहीं किया और जांच की रफ्तार भी धीमी रही।

पुलिस का पक्ष

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।