बिलासपुर। बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क की सफाई कर रही महिला मजदूर की ट्रेलर के नीचे दबकर मौत हो गई। हादसा रतनपुर थाना क्षेत्र के छोटू ढाबा के पास हुआ, जहां गिट्टी से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया।
घटनास्थल पर ही हुई मौत
रतनपुर थाना में पदस्थ एसआई विष्णु यादव के अनुसार, भरवीडीह निवासी महिमा कोसले (32) नेशनल हाईवे पर सड़क की सफाई और रखरखाव का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहा गिट्टी से भरा ट्रेलर अचानक बेकाबू होकर पलट गया। ट्रेलर की चपेट में आने से महिमा को संभलने का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
कुछ देर तक बाधित रहा यातायात
ट्रेलर पलटने के कारण हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से ट्रेलर को हटाया गया, जिसके बाद मार्ग को फिर से सुचारु किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद हाईवे पर काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस स्थान पर सड़क की सफाई और रखरखाव का कार्य चल रहा था, वहां न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे, न बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई सुरक्षा संकेतक मौजूद थे। लोगों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।




