कोरबा। शहर के सीएसईबी चौकी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। गणेश इन होटल के सामने खड़ी एक स्कॉर्पियो का शीशा देर रात किसी अज्ञात युवक ने पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक युवक वाहन पर पत्थर फेंकते हुए दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे की है। चौंकाने वाली बात यह है कि घटनास्थल सीएसईबी पुलिस चौकी से महज 150 मीटर की दूरी पर स्थित है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ पोस्ट में आरोपी की पहचान साहिल त्रिपाठी के रूप में करते हुए उसे एक राजनीतिक परिवार से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
वाहन स्वामी जब होटल से लौटकर अपनी गाड़ी के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि स्कॉर्पियो का शीशा टूटा हुआ था और भीतर एक पत्थर पड़ा था। घटना से स्तब्ध वाहन मालिक ने इसे असामाजिक तत्वों की हरकत बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
घटना के बाद क्षेत्र के नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि पुलिस रात्रिकालीन गश्त और अपराध नियंत्रण के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन चौकी के इतने निकट इस तरह की घटना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस क्षेत्र में पूर्व में भी कई विवादित घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
नागरिकों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है, जिसके बाद ही घटना की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।




