बिलासपुर/बलौदाबाजार। बलौदाबाजार यातायात थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक (SI) प्रियेश जान की पत्नी प्रीति जान (43) का शव गुरुवार सुबह बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में बेलटुकरी-पथर्रा घाट के पास शिवनाथ नदी से बरामद किया गया। वह 12 जुलाई से लापता थीं और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

ग्रामीणों ने नदी में शव तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बिल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पहचान होने के बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेज दिया गया।

एक दिन पहले पुल के पास मिली थी स्कूटी

पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई को प्रीति जान की स्कूटी अमलडीहा स्थित शिवनाथ पुल के पास लावारिस हालत में मिली थी। स्कूटी की डिक्की में चाबी रखी हुई थी। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और पहचान के बाद स्कूटी एसआई प्रियेश जान को सौंप दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत की वजह का खुलासा

बिल्हा थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है, लेकिन शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। कई दिन तक पानी में रहने के कारण शव काफी क्षतिग्रस्त हो चुका था, इसलिए मौके पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि महिला की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

मोबाइल फोन की तलाश में जुटी पुलिस

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि प्रीति जान का मोबाइल फोन अब तक नहीं मिला है। पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल मिलने पर मामले से जुड़े अहम सुराग हाथ लग सकते हैं।

मोबाइल की कॉल डिटेल, अंतिम लोकेशन और आखिरी बार किससे बातचीत हुई, इन सभी बिंदुओं की जांच की जाएगी ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

हर पहलू से की जा रही जांच

फिलहाल बिल्हा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है।