बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जुआ खेलने के लिए रुपये नहीं मिलने पर पति ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि उसने पत्नी का गला दबाया, सिर दीवार से पटक दिया और पेचकस दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, तालापारा मिनीमाता नगर निवासी किरण दिवाकर (20) ने अपने पति परसन दिवाकर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उसका पति शराब का आदी है और अक्सर विवाद कर उसके साथ मारपीट करता है। वह रोजी-मजदूरी कर अपने दो बेटों और एक बेटी का पालन-पोषण करती है।

पीड़िता ने बताया कि पति की प्रताड़ना से तंग आकर करीब दो माह पहले भी उसने घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसका मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। शिकायत के बाद से दोनों के बीच बातचीत भी बंद थी।

महिला के अनुसार, रविवार रात करीब 11:30 बजे वह अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी। तभी उसका पति घर पहुंचा और जुआ खेलने के लिए एक हजार रुपये मांगने लगा। पत्नी ने रुपये नहीं होने की बात कही तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने कथित रूप से पत्नी की पिटाई की, गला दबाया और सिर दीवार से पटक दिया। इतना ही नहीं, पेचकस दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी।

महिला की चीख-पुकार सुनकर उसकी जेठानी लक्ष्मी दिवाकर और बेटी कामनी दिवाकर मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव किया। इसके बावजूद आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह लगातार धमकियां देता रहा।

पीड़िता ने बताया कि किसी तरह जान बचाकर वह जेठानी के घर में छिप गई। कुछ देर बाद जब वह अपनी सास को आवाज देने बाहर निकली तो आरोपी ने फिर से उसके साथ मारपीट कर जमीन पर पटक दिया।

घटना के बाद महिला अपने बच्चों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंची और पूरी आपबीती पुलिस को बताई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों व पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।