बिलासपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश जानलेवा साबित हो रही है। बिलासपुर और रायगढ़ जिले में शनिवार को अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई। एक ओर बिलासपुर में तेज बारिश के दौरान नाले में बहने से बुजुर्ग महिला की जान चली गई, वहीं रायगढ़ में जंगल में मशरूम (पुटू) बीनने गई महिला आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई।

बिलासपुर: नाले में बहने से बुजुर्ग महिला की मौत

बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित लिंगियाडीह इलाके में तेज बारिश के बीच एक 65 वर्षीय महिला की नाले में बहने से मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रमिला बाई के रूप में हुई है, जो अटल आवास की रहने वाली थीं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात बसंत विहार से एफसीआई गोदाम की ओर जाने वाले नाले में वह बह गई थीं। शनिवार सुबह शीला पार्क टावर के पास नाले किनारे झाड़ियों में उनका शव मिला। स्थानीय लोगों ने शव की पहचान प्रमिला बाई के रूप में की, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची सरकंडा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि महिला किन परिस्थितियों में नाले में गिरी या बह गई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

रायगढ़: मशरूम बीनने गई महिला पर गिरी आकाशीय बिजली

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रभा एक्का (55), निवासी ग्राम लक्ष्मीपुर, के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह प्रभा एक्का अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ संगरा जंगल में पुटू (जंगली मशरूम) बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने लगी। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।

परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।