रायपुर। राजधानी रायपुर में मोबाइल हैक कर बैंक खातों से लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। डीडी नगर थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में झारखंड के बोकारो से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने फर्जी मैसेज भेजकर एक चार्टर्ड अकाउंटेंट का मोबाइल हैक किया और उसके बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये उड़ा लिए थे।
पुलिस के मुताबिक, विष्णु दत्त बघेल, निवासी कंचनगंगा फेस-2, डीडी नगर, रायपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर लगातार कई संदिग्ध मैसेज आए। मैसेज खोलने के कुछ ही देर बाद उनके यूको बैंक और एक्सिस बैंक खातों से अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने लगे। 8 से 10 नवंबर 2025 के बीच उनके खातों से कुल 3 लाख 94 हजार रुपये की अनधिकृत निकासी कर ली गई।
शिकायत के आधार पर डीडी नगर थाना में धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से बोकारो तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा डीडी नगर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो जिले में मिली।
इसके बाद पुलिस टीम बोकारो पहुंची और लगातार निगरानी के बाद विशाल कुमार सिंह तथा महेश प्रसाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करने और बैंक खातों से ऑनलाइन रकम उड़ाने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
मोबाइल, चेकबुक और नकदी जब्त
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक और 2 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच करा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और देश के विभिन्न राज्यों में की गई साइबर ठगी की वारदातों का खुलासा किया जा सके।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल उपकरणों तथा सोशल मीडिया आईडी की तकनीकी जांच के जरिए पूरे साइबर नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।





