जांजगीर-चांपा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिर्रा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 3.780 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर ली गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बिर्रा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक स्कूटी से गांजा लेकर बिक्री के इरादे से क्षेत्र में आने वाला है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम सिलादेही स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की। कुछ ही देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए से मेल खाता युवक स्कूटी पर पहुंचा। पुलिस ने उसे रोककर नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 3.780 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 57,800 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा के साथ स्कूटी भी जब्त कर ली।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान कैलाश कुमार आजाद (37) निवासी ग्राम टुंडरी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में बताई। उसने खुलासा किया कि बिक्री के लिए गांजा उसे पुरुषोत्तम साहू (45) निवासी ग्राम ठकुरडिया, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने उपलब्ध कराया था।

कैलाश की निशानदेही पर पुलिस ने तत्काल दबिश देकर पुरुषोत्तम साहू को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने गांजा उपलब्ध कराने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।