कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे शुक्रवार सुबह दो वर्षीय मासूम का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान केशव के रूप में हुई है, जो गुरुवार से लापता था। बेटे का शव मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मजदूरी के दौरान लापता हुआ था मासूम

जानकारी के अनुसार, रामपुर बस्ती निवासी दिनेश कुमार अपनी पत्नी और दो वर्षीय बेटे के साथ मजदूरी करने लालघाट गया था। नाला पार करने के बाद परिवार डेंगूनाला के पास एक पेड़ के नीचे रुका। इस दौरान पिता आगे चले गए, जबकि मां बच्चे को दूध पिलाते-पिलाते वहीं बैठी थी। बताया जा रहा है कि मां की आंख लग गई और जब वह जागी तो मासूम वहां नहीं था।

परिजनों ने देर शाम तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।


नदी किनारे मिला शव

शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे एक बच्चे का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान केशव के रूप में की।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मां के सो जाने के दौरान मासूम खेलते-खेलते नाले में चला गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगा।


लगातार बढ़ रहे हैं हादसे

बालको थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी डेंगूनाला में तेज बहाव के दौरान एक दंपति बह गया था, जिसमें पति की मौत हो गई थी, जबकि पत्नी ने तैरकर अपनी जान बचाई थी।

लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।