बिलासपुर। सकरी क्षेत्र में लगातार हो रही अनियमित बिजली आपूर्ति को लेकर व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। बिजली संकट के विरोध में व्यापारी संघ सकरी ने बुधवार को क्षेत्र बंद रखने का आह्वान किया है। संघ के आह्वान पर अधिकांश बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। इसके साथ ही व्यापारी बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन भी करेंगे।

व्यापारी संघ का आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र में बिना पूर्व सूचना के बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है और दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटने से आम लोग भी भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।

संघ का कहना है कि कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद बिजली व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसी कारण व्यापारियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का फैसला लिया है।

व्यापारियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, अनावश्यक कटौती पर तत्काल रोक लगे और उपभोक्ताओं की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए।

बंद और प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए क्षेत्र में हलचल बनी हुई है। व्यापारी संघ ने नागरिकों से आवश्यक कार्य पहले ही निपटाने और आंदोलन के दौरान सहयोग करने की अपील की है। वहीं, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।