बालोद में आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, 150 फीट ऊंचा बीएसएनएल टावर गिरा, पेड़ उखड़े और बिजली व्यवस्था ठप
बालोद। जिले के भेड़िया नवागांव, बोड़की और आसपास के गांवों में शुक्रवार तड़के आए तेज आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। सुबह करीब पांच बजे चली तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, जबकि मकानों के छप्पर और टीन शेड उड़ गए।
150 फीट ऊंचा बीएसएनएल टावर हुआ धराशायी
भेड़िया नवागांव में स्थापित करीब 150 फीट ऊंचा बीएसएनएल मोबाइल टावर तेज हवाओं का दबाव नहीं झेल सका और भरभराकर गिर गया। टावर गिरने से क्षेत्र में दूरसंचार सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
सड़क पर गिरे पेड़, कुछ समय तक थमा आवागमन
तूफान के दौरान भेड़िया नवागांव और बोड़की के बीच खार मुख्य मार्ग पर चार विशाल पेड़ गिर पड़े। सड़क अवरुद्ध होने से कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में ग्रामीणों ने मिलकर पेड़ों को हटाया और मार्ग को फिर से सुचारु किया।
बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा असर
तेज आंधी का असर बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिला। कई स्थानों पर बिजली के तार और खंभे क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इससे ग्रामीणों को अंधेरे के साथ-साथ दैनिक कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन करेगा नुकसान का सर्वे
ग्रामीणों के मुताबिक तेज गर्जना और तूफानी हवाओं के साथ आया यह मौसम कुछ ही मिनटों में व्यापक नुकसान पहुंचाकर गुजर गया। प्रभावित क्षेत्रों में मकानों, पेड़ों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। संभावना है कि प्रशासन जल्द ही मौके का निरीक्षण कर क्षति का सर्वे कर राहत संबंधी कार्रवाई शुरू करेगा।





