बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में राह चलते युवक से लूटपाट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले युवक का रास्ता रोका, फिर शराब पीने के लिए रुपये मांगे। विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और लूटपाट का प्रयास किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 22 जुलाई की है। पीड़ित संतोष यादव अपने साथी के साथ धान का बीज लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सेमरा बाजार के पास तीन युवकों ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। जब संतोष ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और लूटपाट का प्रयास किया। जाते-जाते बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
घटना की शिकायत मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। घेराबंदी कर पुलिस ने चेतन ध्रुव, जागेश्वर साहू और आकाश साहू को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी सेमरा (भरारी), थाना रतनपुर के रहने वाले हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ लूट के प्रयास, मारपीट और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।




