रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। इस बार अज्ञात बदमाशों ने एक प्रधान पाठक के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 1.17 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बोजिया निवासी बाबू लाल धीरहे, जो पुसल्दा स्थित स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं, 18 जुलाई को अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में टेमर गांव गए थे। दो दिन बाद जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और उसमें रखे कीमती जेवर गायब थे।

पीड़ित के मुताबिक, चोरी हुए सामान में सोने का हार, कान की बालियां, लॉकेट, नथ, छह फुल्ली, खिनवा तथा चांदी की पायलें शामिल हैं। सभी आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 17 हजार रुपये बताई गई है।

शिकायत मिलने के बाद छाल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ अन्य सुराग जुटाने में लगी हुई है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल है।