सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुलिसकर्मियों पर शराब के नशे में मां-बेटे के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की है। वहीं, घटना के बाद एक पुलिसकर्मी का माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वाहन चेकिंग के दौरान विवाद का आरोप

जानकारी के अनुसार, चंद्रमेढ़ा गांव निवासी विजय दुबे अपनी मां उर्मिला दुबे के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। विजय का आरोप है कि वह अपने घर से जरही की ओर जा रहा था। इसी दौरान पलमा चौक पर चेंद्रा चौकी के पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे थे।

युवक के हाथ में गंभीर चोट, मां से भी बदसलूकी का आरोप

पीड़ित के मुताबिक, वाहन चेकिंग के दौरान किसी बात को लेकर पुलिसकर्मी नाराज हो गए और उसके साथ मारपीट करने लगे। इस घटना में युवक के हाथ में गंभीर चोट आने की बात कही गई है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने शराब के नशे में उसकी मां के साथ भी मारपीट और अभद्र व्यवहार किया।

माफी मांगते पुलिसकर्मी का वीडियो आया सामने

घटना के बाद एक पुलिसकर्मी का माफी मांगते हुए वीडियो सामने आने से मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिसकर्मियों के व्यवहार और पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने दिया जांच का आश्वासन

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन ने शिकायत की जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही है। फिलहाल पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।