धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ग्राम सिलौटी स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को पढ़ाई के दौरान एक छात्र का व्यवहार अचानक असामान्य हो गया। देखते ही देखते उसने अपनी ही कक्षा के छात्रों पर हमला कर दिया और कई बच्चों को दांत से काट लिया। इस घटना से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हमले में एक दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद एहतियातन एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब स्कूल में नियमित रूप से कक्षाएं चल रही थीं। अचानक एक छात्र ने अपने आसपास बैठे सहपाठियों पर हमला करना शुरू कर दिया। उसने कई बच्चों को दांत से काट लिया, जिससे कक्षा में चीख-पुकार मच गई। बच्चों की आवाज सुनकर शिक्षक और स्कूल स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद छात्र को अन्य बच्चों से अलग कर स्थिति पर नियंत्रण पाया।
घटना के बाद घायल छात्रों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों की सलाह पर सभी प्रभावित बच्चों को संक्रमण से बचाव के लिए एंटी-रेबीज वैक्सीन दी जा रही है।
तीन साल पहले कुत्ते के काटने की बात आई सामने
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित छात्र को करीब तीन वर्ष पहले एक कुत्ते ने काटा था। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस घटना और छात्र के वर्तमान व्यवहार के बीच किसी प्रकार का संबंध होने की पुष्टि नहीं की है। चिकित्सकीय जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
छात्र जिला अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों की निगरानी में
घटना के बाद संबंधित छात्र को भी जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज और चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा है। डॉक्टर उसके व्यवहार में आए अचानक बदलाव के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
जांच में जुटा प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी स्कूल पहुंचे। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र का व्यवहार अचानक क्यों बदला और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था।
फिलहाल स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता न करें। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आवश्यक चिकित्सा एवं सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।





