कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पर मौजूद मवेशियों के झुंड को रौंद दिया। दर्दनाक हादसे में छह मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कुदुरमाल भाटापारा स्थित धनराज पेट्रोल पंप के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह एक ट्रेलर तेज गति से कुदुरमाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान धनराज पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े और सड़क पार कर रहे मवेशियों का झुंड चालक की नजर में नहीं आया। तेज रफ्तार ट्रेलर सीधे मवेशियों से जा टकराया और उन्हें कुचलता हुआ निकल गया।
हादसा इतना भयावह था कि छह मवेशियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और उरगा पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलते ही उरगा पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृत मवेशियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घायल मवेशियों के उपचार की व्यवस्था कराई गई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।




