रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार कार ने सड़क पर कहर बरपा दिया। आमानाका ओवरब्रिज के पास एक हुंडई अल्कजार कार ने पहले बाइक, फिर स्कूटी और आखिर में ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने कार चला रही महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 24 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे की है। ई-रिक्शा चालक उत्तम सिंह सवारियों को लेकर टाटीबंध-आमानाका से रायपुर शहर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह आमानाका ओवरब्रिज के मोड़ के पास पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रही हुंडई अल्कजार (CG 04 PX 8883) अनियंत्रित हो गई।

कार ने सबसे पहले मोटरसाइकिल (CG 08 AB 0890) को टक्कर मारी। इसके बाद पास से गुजर रही एक्टिवा (CG 07 CF 1905) भी उसकी चपेट में आ गई। टक्कर के बाद भी कार नहीं रुकी और सीधे ई-रिक्शा से जा भिड़ी। जोरदार टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया और उसमें सवार लोग सड़क पर गिर पड़े।

लोगों ने पहुंचाई मदद, अस्पताल भेजे गए घायल

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सरस्वती नगर थाना पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में ई-रिक्शा चालक उत्तम सिंह, बाइक चालक और स्कूटी सवार महिला घायल हुए हैं। चिकित्सकीय परीक्षण में तीनों को सामान्य चोटें आने की पुष्टि हुई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

कार जब्त, महिला चालक के खिलाफ केस दर्ज

दुर्घटना में तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस ने हादसे में शामिल हुंडई अल्कजार कार को जब्त कर लिया है। ई-रिक्शा चालक उत्तम सिंह की शिकायत पर सरस्वती नगर थाना में अपराध क्रमांक 159/2026 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने कार चला रही महिला चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की अपील

पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें और लापरवाही से वाहन न चलाएं। तेज रफ्तार और असावधानी के कारण होने वाले हादसे कई बार जानलेवा साबित होते हैं। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।