बिलासपुर। पारिवारिक संपत्ति को लेकर हुए विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। जमीन-जायदाद अपने नाम कराने की जिद में एक बेटे ने अपने ही पिता के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, लोहे का गंडासा लेकर उन्हें जान से मारने के इरादे से दौड़ा लिया। शिकायत के बाद सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया गंडासा और कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, राजकिशोर नगर निवासी प्रकाश केसरी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनका बड़ा बेटा विवेक केसरी (34) लंबे समय से पारिवारिक संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। वह कोई स्थायी काम नहीं करता और नशे का आदी है। संपत्ति को लेकर विरोध करने पर वह अक्सर विवाद और मारपीट करता था।
बताया गया कि 6 जुलाई की शाम करीब छह बजे विवेक अपनी कार से राजकिशोर नगर स्थित घर पहुंचा और संपत्ति अपने नाम करने की मांग को लेकर पिता से बहस करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पिता के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद विवेक ने घर में रखा लोहे का गंडासा उठा लिया और पिता को जान से मारने की धमकी देते हुए उनके पीछे दौड़ पड़ा। किसी तरह प्रकाश केसरी घर से निकलकर सड़क की ओर भागे और छिपकर अपनी जान बचाई। हमले में उन्हें शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।
घटना की शिकायत मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने पीड़ित और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बसंत विहार चौक के पास अपनी कार में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने पिता के साथ मारपीट और धमकी देने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का गंडासा और कार क्रमांक CG-10 BP-220 जब्त कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि पारिवारिक या संपत्ति संबंधी विवाद के नाम पर हिंसा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




