अंबिकापुर। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को कोतवाली पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर न्यायालय में पेश किया गया। मामला एक कथित दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर करने, उसकी निजता भंग करने और आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से जुड़ा है।


4 अक्टूबर को दर्ज हुई थी एफआईआर

पुलिस ने 4 अक्टूबर की रात आकांक्षा टोप्पो, अकील अहमद अंसारी और अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत मामला दर्ज किया था।

शहर के गंगापुर निवासी शैलेंद्र शर्मा ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि संबंधित सोशल मीडिया चैनलों के माध्यम से एक पीड़िता की पहचान और निजी जानकारी सार्वजनिक की गई।


आपत्तिजनक सवाल पूछने का भी आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया कि पीड़िता का इंटरव्यू लेते समय उससे निजी और अमर्यादित सवाल पूछे गए तथा संबंधित वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया।

शिकायतकर्ता ने इसे पीड़िता की निजता और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला कृत्य बताया है। इसके साथ ही सोशल मीडिया के जरिए कथित रूप से गाली-गलौज और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने का भी आरोप लगाया गया है।


अन्य लोगों के खिलाफ भी दर्ज है मामला

इस प्रकरण में भाजपा नेता रविंद्र तिवारी के खिलाफ भी पीड़िता के चरित्र को लेकर कथित टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

वहीं आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर 4 अक्टूबर को भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ भी अलग मामला दर्ज किया गया था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों के संबंध में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।