महज 8.5 ओवर में हासिल किया 103 रन का लक्ष्य, तीन मैचों की सीरीज में भारतीय महिला टीम ने बनाई 2-0 की अजेय बढ़त

रायपुर, 19 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज अपने नाम कर ली है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और कप्तान स्मृति मंधाना की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर भारत ने 103 रन का लक्ष्य महज 8.5 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।


शेफाली और स्मृति ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां

103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और कप्तान स्मृति मंधाना ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी कर मुकाबला लगभग एकतरफा बना दिया।

भारतीय टीम ने पावरप्ले के शुरुआती छह ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 76 रन बना लिए थे। इसके बाद जीत महज औपचारिकता रह गई। जिम्बाब्वे की गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों के सामने बेबस नजर आईं।


शेफाली ने 25 गेंदों में ठोके 55 रन

मुकाबले में शेफाली वर्मा ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदों पर 55 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और चार छक्के शामिल रहे। उन्होंने महज 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

वहीं, कप्तान स्मृति मंधाना ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 47 रन बनाए। शेफाली के आउट होने के बाद भारतीय टीम ने बिना किसी अतिरिक्त नुकसान के 8.5 ओवर में 104 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। भारत ने 67 गेंद शेष रहते शानदार जीत दर्ज की।


भारतीय गेंदबाजों के सामने जिम्बाब्वे की टीम पस्त

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। मेहमान टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर केवल 102 रन ही बना पाई।

जिम्बाब्वे की ओर से चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, जबकि कप्तान जोसेफिन नकोमो 27 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही कसी हुई गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।


निकी प्रसाद ने झटके दो विकेट

भारतीय टीम की ओर से निकी प्रसाद ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने दो ओवर में महज सात रन खर्च कर दो महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। इसके अलावा क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने एक-एक विकेट लेकर जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी को संभलने का मौका नहीं दिया।

गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद भारतीय बल्लेबाजों ने मुकाबले को बेहद आसानी से अपने नाम कर लिया।


20 अक्टूबर को खेला जाएगा सीरीज का अंतिम मुकाबला

जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार दूसरी जीत दर्ज कर भारतीय महिला टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 20 अक्टूबर को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शाम सात बजे से खेला जाएगा।

इसके बाद दोनों टीमों के बीच वडोदरा में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। भारतीय टीम अब अंतिम टी20 मुकाबला जीतकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।