रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में मंगलवार को ‘सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुजरात के वडनगर और बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे बाइक राइडर्स का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा युवाओं को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का माध्यम है।

वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही यात्रा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा काल के 25 वर्षों के अवसर पर वडनगर से वाराणसी तक सेवा संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल बाइक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है। यात्रा के माध्यम से युवाओं को स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण और अन्य जनसेवा गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है।

विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की अहम भूमिका: साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ भी विकास की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, सेना, सिविल सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर प्रदेश और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

स्वच्छता से नशामुक्ति तक जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम में बताया गया कि यात्रा के दौरान बाइक राइडर्स स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनभागीदारी और सामाजिक सेवा के जरिए युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।

बस्तर के विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में बस्तर से रायपुर में पढ़ाई कर रहे गोविंद कुमार, दृष्टि ध्रुव, दीपक मरकाम और दीना उइके ने अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा और अन्य सुविधाओं के विस्तार से युवाओं में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास बढ़ा है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, बाइक राइडर्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।