कोरबा। एसईसीएल की गेवरा परियोजना में साइलो (SILO) और सीएचपी (CHP) निर्माण कार्य से जुड़े बंसल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के लगभग 150 ठेका श्रमिकों ने वेतन भुगतान में देरी के विरोध में गुरुवार को श्रमिक चौक पर प्रदर्शन किया। श्रमिकों के कार्य बहिष्कार के चलते परियोजना का निर्माण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया।

प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का कहना है कि करीब दो महीने पहले भी वेतन संबंधी समस्या को लेकर उन्होंने सीजीएम कार्यालय का घेराव किया था। उस समय एसईसीएल के एरिया पर्सनल मैनेजर, कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच सहमति बनी थी कि प्रत्येक माह 7 से 10 तारीख के बीच वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके बावजूद इस माह भी तय समय पर मजदूरी नहीं दी गई।

श्रमिकों के अनुसार, 10 तारीख को प्रबंधन से भुगतान के संबंध में जानकारी लेने पर सोमवार से बुधवार के बीच वेतन जारी करने का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक उनके खातों में राशि नहीं पहुंची। आरोप है कि दोबारा पूछताछ करने पर अधिकारियों ने कहा कि "जब भुगतान होगा, तभी काम पर आना।" इस जवाब से नाराज श्रमिकों ने काम बंद कर श्रमिक चौक पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।