बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में स्कूल वाहन के बकाया किराए को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। चिल्हाटी निवासी कृष्णा श्रीवास ने चिल्ड्रन वैली स्कूल के संचालक सलूजा और वाहन चालक राज यादव पर मारपीट, गाली-गलौज, मोबाइल छीनने और बकाया भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता कृष्णा श्रीवास ने बताया कि उनकी वाहन स्कूल में बच्चों के परिवहन के लिए किराए पर संचालित हो रही थी। उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने कई महीनों से करीब 40 हजार रुपये का किराया नहीं चुकाया। बकाया राशि की मांग को लेकर जब वह कुछ दिन पहले स्कूल पहुंचे तो विवाद हो गया।
कृष्णा श्रीवास के अनुसार, किराया मांगने पर स्कूल संचालक और वाहन चालक ने उनके साथ गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने उनके दो मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए, जिनकी कीमत करीब 80 हजार रुपये है।
पीड़ित का कहना है कि मोबाइल वापस मांगने पर उन्हें टाल दिया जाता है। उनका आरोप है कि जब भी वह मोबाइल लेने स्कूल जाते हैं, उनसे 40 हजार रुपये की मांग की जाती है और भुगतान नहीं करने पर मोबाइल लौटाने से इनकार कर दिया जाता है। विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार कर वहां से भगा दिया जाता है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जिससे वह मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके मोबाइल का दुरुपयोग कर उन्हें किसी मामले में फंसाया जा सकता है।
कृष्णा श्रीवास ने पुलिस से दोनों मोबाइल बरामद कराने, वाहन का बकाया किराया दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ और तथ्यों के सत्यापन के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




