पांच दिन बाद खत्म हुई सफाई कर्मियों की हड़ताल, रामकी कंपनी लौटाएगी 80 लाख रुपये बकाया
रायपुर। कचरा वाहन कर्मचारियों की पांच दिन तक चली हड़ताल समाप्त होने के बाद राजधानी की सफाई व्यवस्था धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। कर्मचारियों के आंदोलन के बाद रामकी कंपनी ने पीएफ और छुट्टियों से जुड़े करीब 80 लाख रुपये के बकाया भुगतान लौटाने पर सहमति जताई है।
मामला सहायक श्रमायुक्त कार्यालय पहुंचने के बाद कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच चर्चा हुई, जिसमें विवाद का समाधान निकाला गया। समझौते के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया।
पीएफ और छुट्टियों के भुगतान को लेकर था विवाद
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का आरोप था कि पिछले आठ वर्षों से उनके पीएफ और छुट्टियों के भुगतान में गड़बड़ी की जा रही थी। कर्मचारियों का कहना था कि उनके पीएफ खाते में हर महीने करीब 2500 रुपये जमा होने चाहिए थे, लेकिन कंपनी की ओर से केवल 900 से 1000 रुपये ही जमा किए जा रहे थे।
इसके अलावा कई वर्षों से छुट्टियों का भुगतान भी लंबित बताया गया। इसी मांग को लेकर कर्मचारियों ने काम बंद कर आंदोलन शुरू किया था, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई थी।
अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही सफाई व्यवस्था
हड़ताल खत्म होने के बाद शहर में कचरा उठाने का काम फिर शुरू हो गया है। नगर निगम और संबंधित एजेंसियों की टीमें अतिरिक्त प्रयास कर जमा कचरे को हटाने में जुटी हुई हैं।
कर्मचारियों ने उम्मीद जताई है कि कंपनी भविष्य में समय पर भुगतान करेगी और ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बनेगी। वहीं प्रशासन ने भी श्रमिकों के हितों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।





