धमतरी के ट्रेंचिंग ग्राउंड में लगी भीषण आग, इलाके में फैला धुएं का गुबार
धमतरी। शहर के सोरिद स्थित बागतराई ट्रेंचिंग ग्राउंड में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और धुएं का गुबार आसपास के क्षेत्रों में फैल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। फिलहाल आग पर नियंत्रण पाने की बात कही जा रही है।
40 वार्डों का कचरा यहां होता है डंप
जानकारी के मुताबिक धमतरी नगर निगम के सभी 40 वार्डों से निकलने वाला कचरा प्रतिदिन बागतराई स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में डंप किया जाता है। शहर को नौ जोन में बांटकर सफाई व्यवस्था संचालित की जाती है।
स्वच्छता समूह से जुड़ी महिलाएं घर-घर जाकर कचरा एकत्र करती हैं, जबकि नगर निगम की स्वच्छता गाड़ियां दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कचरा उठाकर इसी डंपिंग यार्ड तक पहुंचाती हैं।
नगर निगम प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुट गया है।





