आरंग/रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हुई दो लूट की वारदातों का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मोबाइल फोन, नकदी, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त सामान की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
एक ही शाम में दो वारदातों को दिया था अंजाम
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई की शाम तीनों आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर दो राहगीरों को निशाना बनाया।
पहली घटना में अमरजीत सिंह अपने साथी के साथ ग्राम सेरीखेड़ी से मुख्य सड़क की ओर पैदल जा रहे थे। विष्णु नगर स्थित मुर्गी फार्म के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनसे मोबाइल फोन मांगने के बहाने बातचीत की। इंकार करने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर उनका ओप्पो मोबाइल और पर्स में रखे 1,200 रुपये लूट लिए।
इसके कुछ देर बाद मंदिर हसौद से नया रायपुर जाने वाले मार्ग पर नहर किनारे मिथलेश कुमार को भी आरोपियों ने घेर लिया। चाकू की नोक पर उनसे वीवो मोबाइल और 1,700 रुपये लूटकर फरार हो गए।
दोनों मामलों में मंदिर हसौद थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिला सुराग
लगातार हुई दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज और पीड़ितों के बताए हुलिये से पता चला कि दोनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है। आरोपियों की मोटरसाइकिल, चेहरे पर बंधा स्कार्फ और वारदात का तरीका एक जैसा था।
पूछताछ में कबूला जुर्म
मुखबिर की सूचना और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने ग्राम सेरीखेड़ी से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य सामने आने पर उन्होंने दोनों लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम सेरीखेड़ी निवासी हैं।
- राहुल नेताम (21 वर्ष)
- विशेष मंडावी (19 वर्ष)
- अमर नेताम (19 वर्ष)
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निम्न सामान बरामद किया है—
- लूटे गए दो मोबाइल फोन (ओप्पो और वीवो)
- 520 रुपये नकद
- एक धारदार चाकू
- वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG 04 QL 4682)
बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। वहीं, इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।





