रायपुर। राजधानी रायपुर के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दो बाइक पर सवार चार युवकों ने सेनेटरी कारोबारी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कारोबारी के सीने और पैर में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

रास्ते में रोककर किया हमला

पुलिस के अनुसार, लाखेनगर निवासी जानवी लालवानी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि उनके पति पवन कुमार लालवानी, जो सेनेटरी व्यवसाय से जुड़े हैं, बुधवार शाम करीब 6:30 बजे स्कूटी से अपने गोदाम जा रहे थे। इसी दौरान लाखेनगर-रायपुरा मार्ग स्थित सुंदर नगर में पहुजा ब्रदर्स के सामने दो बाइक पर सवार चार युवकों ने ओवरटेक और वाहन चलाने को लेकर उनसे विवाद शुरू कर दिया।

विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी

आरोप है कि युवकों ने पहले पवन लालवानी के साथ गाली-गलौज की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो चारों ने जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच एक युवक ने धारदार हथियार निकालकर उनके सीने पर हमला कर दिया। बचने की कोशिश करने पर आरोपी ने उनके बाएं घुटने के पास भी वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

राहगीरों की सतर्कता से मिला अहम सुराग

घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने हमलावरों की एक बाइक का नंबर अपने मोबाइल में कैद कर लिया। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन नंबर के जरिए जल्द ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

:::