रायपुर। राजधानी में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और स्पा सेंटरों में नियमों के पालन की जांच के लिए रायपुर पुलिस ने शुक्रवार को पश्चिम क्षेत्र के विभिन्न स्पा सेंटरों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था, दस्तावेजों और सीसीटीवी सिस्टम की गहन जांच की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी या किसी भी तरह की अवैध गतिविधि मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्तों, सरस्वती नगर, आजाद चौक और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। टीम ने इन थाना क्षेत्रों में संचालित 10 स्पा सेंटरों का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान स्पा सेंटरों में संचालित गतिविधियों, कर्मचारियों के पहचान संबंधी दस्तावेज, आगंतुकों का रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति, सुरक्षा इंतजाम, वैधानिक अभिलेखों और अन्य जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही यह भी परखा गया कि सभी स्पा सेंटर शासन द्वारा निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं या नहीं।
निरीक्षण के दौरान संचालकों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, सभी अभिलेख अद्यतन रखने, सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू रखने और शासन के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी स्पा सेंटर में नियमों का उल्लंघन या कोई अवैध अथवा संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।





