रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने अपनी क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को और अधिक सशक्त बनाया है। अब जाम की सूचना मिलते ही टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल करेगी। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को 10 नई हाई-स्पीड मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं।

नई बाइकों के मिलने से सदर बाजार, रामसागरपारा, तात्यापारा समेत शहर के भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में क्यूआरटी की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी। इससे ट्रैफिक जाम की स्थिति में लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।

सायरन और इमरजेंसी लाइट से लैस हैं नई बाइक

यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपलब्ध कराई गई सभी बाइकों में इमरजेंसी लाइट और सायरन लगाए गए हैं। इन सुविधाओं की मदद से क्यूआरटी जवान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तेजी से पहुंचकर जाम हटाने की कार्रवाई कर सकेंगे।

पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस कार्यालय परिसर में क्यूआरटी टीमों को नई बाइक सौंपते हुए शहर के संवेदनशील और अधिक ट्रैफिक वाले क्षेत्रों की जानकारी दी तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इससे पहले उन्होंने यातायात अधिकारियों की बैठक लेकर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

पुलिस का कहना है कि शहर में सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से सभी 10 क्यूआरटी टीमों को आधुनिक वाहनों से सुसज्जित किया गया है। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जाम की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराए।

जाम की सूचना इस हेल्पलाइन पर दें

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि शहर के किसी भी हिस्से में ट्रैफिक जाम की स्थिति बने तो वे तुरंत यातायात हेल्पलाइन नंबर 94792 10632 पर सूचना दें। सूचना मिलते ही संबंधित ट्रैफिक थाने की क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई करेगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले सहित यातायात पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।