रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुशालपुर क्षेत्र में बिना अनुमति बनाए गए जी+1 व्यावसायिक भवन को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जोन-5 अंतर्गत रिंग रोड नंबर-1 स्थित करीब 1500 वर्गफुट भूमि पर निर्मित अवैध भवन पर की गई।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निवेश विभाग और जोन-5 की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर अवैध निर्माण को जमींदोज किया। निगम अधिकारियों के अनुसार भवन निर्माता सुनील खंडेलवाल को पूर्व में नोटिस जारी कर निर्माण रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन चेतावनी के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। इसके बाद निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया।
कार्रवाई के दौरान जोन-5 के जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के नेतृत्व में कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह, उप-अभियंता (नगर निवेश) टिकेंद्र चंद्राकर सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।





