बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र में रेलवे टिकट कलेक्शन की राशि लेकर जा रहे एक निजी कंपनी के कर्मचारी से दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। बेलगहना चौकी क्षेत्र में दो बदमाशों ने सुनसान रास्ते पर कर्मचारी को धक्का देकर गिरा दिया और नकदी व महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


रेलवे स्टेशन से राशि लेकर निकला था कर्मचारी

पुलिस के अनुसार, बेलगहना चौकी अंतर्गत ग्राम श्रीपारा निवासी भिखारी सिंह ध्रुव (33) सीएमएस कंपनी के कर्मचारी हैं और रेलवे टिकट कलेक्शन की राशि एकत्र करने का कार्य करते हैं। बुधवार को वे मोटरसाइकिल से बेलगहना रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां स्टेशन मास्टर से 7,430 रुपये, टीआर पर्ची और कलेक्शन संबंधी दस्तावेज प्राप्त कर उन्हें एक भूरे रंग के बैग में रख लिया।

इसके बाद वे बैग कंधे पर टांगकर अगले कलेक्शन के लिए करगीरोड रेलवे स्टेशन की ओर रवाना हुए।


सुनसान रास्ते में वारदात को दिया अंजाम

रास्ते में सुनसान इलाके का फायदा उठाकर दो अज्ञात बदमाशों ने कर्मचारी को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद नकदी और दस्तावेजों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।


पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम को लगाया गया है।