रायगढ़। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोंध्रा (देवमारीडांड) में बुजुर्ग दंपति की हत्या कर शवों को जलाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने वर्षों पुराने जमीन विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया और हत्या के बाद शवों तथा घर में आग लगाकर सबूत मिटाने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, मृतक मंगल राठिया (65) और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया (55) अपने घर में मृत मिले थे। दोनों के शव जली हुई अवस्था में बरामद हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मृतक के यहां काम करने वाले रामलाल चौहान ने बताया कि 14 जुलाई की शाम वह रोज की तरह काम खत्म कर घर चला गया था। उस समय घर में केवल दंपति मौजूद थे। अगले दिन सुबह जब वह वापस पहुंचा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर एक कमरे से धुआं निकल रहा था। कमरे में जाकर देखा तो दोनों के शव जली हुई हालत में पड़े थे। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की जांच के दौरान घटनास्थल पर मिली हत्या में प्रयुक्त टांगी की गंध सूंघकर पुलिस डॉग एक संदिग्ध तक पहुंचा। वहीं पूछताछ में यह भी पता चला कि मृतक और आरोपियों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। वैज्ञानिक साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने श्याम लाल राठिया और उसके भाई जीवन लाल राठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि वर्ष 2013 में उन्होंने एक जमीन खरीदी थी। बाद में उसी जमीन को मूल विक्रेता ने अधिक कीमत मिलने पर मंगल राठिया को बेच दिया। हालांकि समझौते के तहत आरोपियों को उनकी रकम वापस मिल गई थी, लेकिन मृतक द्वारा उस जमीन पर मकान बनाकर खेती किए जाने से दोनों भाइयों में नाराजगी बनी रही। इसी रंजिश में उन्होंने वारदात की योजना बनाई।

आरोप है कि 14 जुलाई की रात दोनों आरोपी टांगी लेकर मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलते ही उन्होंने मंगल राठिया पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। शोर सुनकर बाहर आई उनकी पत्नी पुनाई बाई पर भी हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद दोनों ने शवों पर घर में रखे कपड़े और अन्य सामान डालकर आग लगा दी तथा घर के दो कमरों में भी आग लगा दी, ताकि हत्या को हादसा साबित किया जा सके।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।