नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार, 7 अक्टूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। गुजरात भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों और महानगरों में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी सुबह करीब 9 बजे ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित करेंगे। इस दौरान ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को लेकर सामूहिक संकल्प भी दिलाया जाएगा। प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण गुजरात में यात्रा के निर्धारित प्रस्थान स्थलों पर किया जाएगा।

संबोधन के बाद निकलेगी ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’

कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को चिह्नित करने के लिए चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय नेता ‘सेवा ज्योति’ प्रज्वलित करेंगे। इसके बाद अलग-अलग जिलों और महानगरों में निर्धारित स्थानों से ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मंत्री, सांसद, विधायक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

सेवा संकल्प यात्रा का भी होगा समापन

17 सितंबर से शुरू हुई राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प यात्रा’ का समापन बुधवार को गुजरात के वडनगर और उत्तर प्रदेश के वाराणसी में किए जाने का कार्यक्रम है। वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मस्थान है, जबकि वाराणसी उनका संसदीय क्षेत्र है।