रायगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान 'ऑपरेशन आघात' लगातार असर दिखा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पिछले 48 घंटे के दौरान पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 83.840 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है। इस दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59-क के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

लैलूंगा थाना क्षेत्र में दो कार्रवाई, 55 लीटर शराब बरामद

लैलूंगा थाना पुलिस ने 19 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर ग्राम लमड़ांड़ चौक में घेराबंदी कर बालक राम राठिया (26) निवासी नवामुड़ा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 15 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2,250 रुपये आंकी गई है।

इसी दिन पुलिस ने दूसरी कार्रवाई में धनेश्वर धनवार (45) निवासी नवामुड़ा को गिरफ्तार किया। उसके पास से दो जरीकेनों में रखी 40 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 6 हजार रुपये बताई गई है।

कोतरारोड़ पुलिस ने घर में छिपाकर रखी शराब की जब्ती

20 जुलाई को कोतरारोड़ थाना पुलिस ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन के नेतृत्व में ग्राम नंदेली स्थित रैनबसेरा सौंरा समाज वार्ड में दबिश दी। यहां से निकेतन सिदार (29) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके घर से अलग-अलग जरीकेनों में रखी 25 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब बिक्री के उद्देश्य से संग्रहित कर रखे हुए था। जब्त शराब की कीमत करीब 2,500 रुपये है।

जूटमिल थाना पुलिस ने महिला तस्कर को दबोचा

जूटमिल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर काशीराम चौक निवासी गंगा बंजारे (27) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3 लीटर महुआ शराब तथा 38 पाउच में भरी 6.840 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई। पूछताछ में महिला शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी, जिसके बाद उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

अवैध शराब कारोबार पर जारी रहेगी सख्ती

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब बनाने, बेचने और परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अवैध शराब या नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।