अभनपुर। जनपद पंचायत अभनपुर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जनपद अध्यक्ष चंद्रिका जितेंद्र बंजारे के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी शुरू हो गई है। अध्यक्ष की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट बताए जा रहे जनपद सदस्यों ने विशेष सम्मेलन बुलाकर अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराने की मांग की है। आवेदन पर 9 जनपद सदस्यों के हस्ताक्षर होने की बात सामने आई है।

जनपद पंचायत अभनपुर में कुल 25 निर्वाचित सदस्य हैं। आवेदन करने वाले सदस्यों ने आरोप लगाया है कि महत्वपूर्ण फैसलों में निर्वाचित सदस्यों को अपेक्षित रूप से विश्वास में नहीं लिया जा रहा और उनकी उपेक्षा की जा रही है। इसी को आधार बनाते हुए सदस्यों ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम के प्रावधानों के तहत विशेष बैठक बुलाने और मतदान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की मांग की है। ये आरोप आवेदन करने वाले सदस्यों के हैं।

एसडीएम कार्यालय में दिया गया आवेदन

अविश्वास प्रस्ताव की मांग वाला आवेदन अभनपुर एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत किया गया है। हालांकि एसडीएम की ओर से स्पष्ट किया गया कि जनपद पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया में कलेक्टर सक्षम अधिकारी हैं। ऐसे में आगे की कार्रवाई जिला प्रशासन और कलेक्टर स्तर पर तय होगी।

जानकारी के अनुसार अध्यक्ष चंद्रिका जितेंद्र बंजारे भाजपा समर्थित हैं, जबकि आवेदन देने वाले सदस्यों को कांग्रेस समर्थित बताया जा रहा है। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर आवेदन की जांच और आगे की प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं। विशेष सम्मेलन और मतदान की तारीख तय होने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट होगी।