आरंग। रायपुर-आरंग स्थित नेशनल हाईवे-53 पर मंदिर हसौद थाना के सामने एक भीषण त्रिकोणीय सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर, रायपुर जा रही यात्री बस और पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल-112 वाहन की आमने-सामने हुई टक्कर से तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री या पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई।
थाने में मुड़ते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, डायल-112 की टीम नियमित पेट्रोलिंग पूरी कर पलौद मोड़ की ओर से वापस मंदिर हसौद थाना लौट रही थी। जैसे ही पुलिस वाहन हाईवे से थाने की ओर मुड़ने लगा, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक भारी कंटेनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
कंटेनर से टकराई यात्री बस
टक्कर के बाद कंटेनर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान कंटेनर के पीछे चल रही किरण ट्रेवल्स की यात्री बस (क्रमांक CG 06 HB 9519) भी अनियंत्रित होकर कंटेनर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। देखते ही देखते हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तीनों वाहनों को भारी नुकसान
हादसा इतना भीषण था कि डायल-112 वाहन का अगला और साइड हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि इंजन को भी गंभीर नुकसान पहुंचा। वहीं यात्री बस का फ्रंट बंपर और विंडशील्ड टूट गई। कंटेनर का पिछला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे, जो तेज झटके के कारण घबरा गए और कुछ देर तक बस के भीतर चीख-पुकार मच गई।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना मंदिर हसौद थाना के ठीक सामने होने के कारण कुछ ही देर में नेशनल हाईवे-53 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
क्रेन से हटाए गए वाहन, यातायात हुआ बहाल
पुलिस ने सभी यात्रियों और चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया गया। करीब कुछ समय की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात को फिर से सुचारू कर दिया गया।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कंटेनर की तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।





