रायपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 री-एग्जाम का परिणाम जारी कर दिया है। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में छत्तीसगढ़ के शिप्रक गोयल और चार्वी अग्रवाल ने शानदार सफलता हासिल करते हुए प्रदेश में संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। दोनों ने 99.9931 परसेंटाइल हासिल किया है। शिप्रक ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 117 भी प्राप्त की है।

पढ़ाई को कभी दबाव नहीं बनने दिया

अपनी सफलता के बारे में शिप्रक गोयल ने बताया कि उन्होंने तैयारी के दौरान पढ़ाई को कभी बोझ नहीं माना। उनका कहना है कि वे प्रतिदिन 8 से 10 घंटे नियमित और पूरी एकाग्रता के साथ अध्ययन करते थे। उनके अनुसार, लंबे समय तक पढ़ने से अधिक जरूरी है कि पढ़ाई पूरी गुणवत्ता और फोकस के साथ की जाए।

तनाव दूर करने के लिए अपनाया संतुलित तरीका

शिप्रक ने बताया कि जब भी मानसिक थकान या तनाव महसूस होता था, तब वे कुछ समय के लिए टहलने निकल जाते थे, फिल्म देखते थे या फिर खेलकूद में हिस्सा लेते थे। इससे मन तरोताजा हो जाता था और वे नई ऊर्जा के साथ दोबारा पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर पाते थे।

8 से 10 घंटे की पढ़ाई से हासिल की सफलता

उन्होंने कहा कि कई अभ्यर्थी 14 से 16 घंटे पढ़ाई करने की बात करते हैं, लेकिन उन्होंने नियमित, योजनाबद्ध और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। पढ़ाई के साथ खेलकूद और मानसिक संतुलन बनाए रखना भी उनकी तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।

नीट अभ्यर्थियों को दी यह सलाह

शिप्रक ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से कहा कि पढ़ाई को तनाव नहीं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया के रूप में देखें। यदि कभी मानसिक दबाव महसूस हो तो कुछ समय का विराम लें, अपनी पसंद का काम करें और फिर नए उत्साह के साथ तैयारी में जुट जाएं।

उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही वह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने नोट्स और तैयारी की रणनीति विद्यार्थियों के साथ साझा करेंगे, ताकि अन्य नीट अभ्यर्थियों को भी इसका लाभ मिल सके।