कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में गुरुवार को नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान शहीद हो गया। यह घटना पिछले दो दिनों में इस तरह की दूसरी मौत है। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना परतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सदाकटोला गांव के पास उस समय हुई, जब बीएसएफ और जिला पुलिस बल की संयुक्त टीम गश्त पर निकली हुई थी।
अधिकारी के अनुसार, नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में बीएसएफ के हेड कांस्टेबल अखिलेश राय (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पखांजूर रेफर किया गया, लेकिन चोटों के चलते उन्होंने दम तोड़ दिया।
अखिलेश राय उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। घटना के बाद इलाके में बीएसएफ, जिला रिजर्व गार्ड और पुलिस बल की संयुक्त टीम द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि बुधवार को नारायणपुर जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) का एक जवान शहीद हो गया था, जबकि एक अन्य जवान घायल हुआ था।





