नारायणपुर। जिले के मस्पुर-गुदरापाल वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। विशेष सर्च अभियान के दौरान जवानों ने जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का हथियार और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया। तलाशी के दौरान संदिग्ध स्थान से कई हथियार, कारतूस, वायर और अन्य सामग्री जब्त की गई।
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बल लगातार क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। इसी दौरान जवानों को जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों की सूचना मिली, जिसके बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी ली गई। कार्रवाई में देशी बीजीएल लॉन्चर, बीजीएल गन, 12 बोर रायफल, कारतूस, तार और अन्य सामग्री बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह सामग्री नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखी गई थी, जिसका इस्तेमाल भविष्य में किसी वारदात के लिए किया जा सकता था। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जिले को नक्सल प्रभाव से मुक्त घोषित किए जाने के बाद भी जंगलों में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि छिपाए गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री को खोजकर नष्ट किया जा सके।
पुलिस और सुरक्षा बलों ने इसे नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसे सर्च ऑपरेशन जारी रहेंगे।





