कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री के बॉयलर में विस्फोट होने के बाद आग तेजी से फैल गई। हादसे के समय फैक्ट्री में काम कर रहे करीब 30 से 40 मजदूरों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। आग की भयावहता के कारण फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र में काला धुआं फैल गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास के इलाके को सुरक्षा की दृष्टि से सील कर दिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में लाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है।




