बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए सूने मकान में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गणेश चौक स्थित एक मकान में बदमाश विंडो एसी निकालकर अंदर घुसा और अलमारी में रखी लाखों रुपये की नकदी व सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। घटना के समय मकान मालिक परिवार सहित उत्तराखंड के ऋषिकेश घूमने गए हुए थे।
जानकारी के मुताबिक, गणेश चौक निवासी रजनीश सेठ 18 जुलाई 2026 से अपने परिवार के साथ ऋषिकेश गए हुए हैं। मकान की सुरक्षा के लिए उन्होंने एक सुरक्षा गार्ड रखा था, जो रोजाना रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक निगरानी करता था।
गार्ड की नजर पड़ते ही खुला चोरी का राज
बताया जा रहा है कि 23 जुलाई की रात ड्यूटी के दौरान सुरक्षा गार्ड ने मकान के पीछे लगी विंडो एसी अपनी जगह से हटाई हुई देखी। शक होने पर उसने तुरंत रजनीश सेठ को फोन कर सूचना दी। इसके बाद मकान मालिक ने अपने बेटे और एक परिचित को घर भेजा। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात बदमाश विंडो एसी निकालकर घर के भीतर दाखिल हुआ और अलमारी खोलकर नकदी व कीमती जेवरात चोरी कर ले गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि बदमाश ने पीछे के हिस्से से घर में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की जानकारी जुटाई जा रही है।
मकान मालिक के लौटने पर होगा नुकसान का खुलासा
फिलहाल चोरी गए सामान की पूरी जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस का कहना है कि मकान मालिक के वापस लौटने के बाद चोरी हुए सामान और उसकी कीमत का सही आकलन हो सकेगा। अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस की अपील
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लंबे समय के लिए घर से बाहर जाने पर सीसीटीवी कैमरे लगाएं, पड़ोसियों को इसकी जानकारी दें और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




