धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध संबंध के शक ने एक युवक की जान ले ली। केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ एक युवक को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद गुस्से में टंगिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मोबाइल पर हुई थी पहचान, बढ़ी नजदीकियां

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। बताया गया कि करीब एक वर्ष पहले शंकर की बाजार कुर्रीडीह निवासी एक महिला से मोबाइल फोन के माध्यम से पहचान हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और नजदीकियां भी बढ़ गईं।

पत्नी के साथ देखकर आपा खो बैठा पति

बताया जा रहा है कि बुधवार को शंकर सूर्यवंशी महिला से मिलने मंदसौर से धमतरी पहुंचा था। रात के समय वह महिला के घर पर मौजूद था। इसी दौरान महिला का पति घर पहुंच गया और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। गुस्से में उसने घर में रखी टंगिया उठाकर शंकर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।