बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम अकलतरी में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर के सामने हुए विवाद के बाद दो युवकों ने ईंट और धारदार हंसिये से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गाली-गलौज के विवाद के बाद वारदात
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान इंद्रप्रकाश उर्फ गोलू भार्गव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के सामने कथित गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी अमित कुमार सोनवानी और सुधीर सोनवानी ने घटना को अंजाम दिया।
छत पर सो रहे युवक पर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, देर रात दोनों आरोपी युवक के घर की छत पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले ईंट से उसके सिर और चेहरे पर हमला किया, फिर धारदार हंसिये से कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ ही समय में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय दोनों आरोपी नशे की हालत में थे। उनसे विस्तृत पूछताछ के बाद घटना के कारणों की और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
इलाके में बढ़ी चिंता
रतनपुर क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई लगातार आपराधिक घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।




