बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी स्थित खालसा ढाबा में तलवार से हमला कर दो लोगों को घायल करने और वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद की गई है। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (26) निवासी तरनतारण, पंजाब के रूप में हुई है। वह फिलहाल संबलपुरी स्थित खालसा ढाबा परिसर में रह रहा था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर किया हमला

पुलिस के अनुसार घटना रविवार दोपहर करीब 12 बजे की है। पंजाब के बटाला निवासी ट्रेलर चालक मख्खन सिंह रायगढ़ से लोहा लेकर पंजाब जा रहे थे। रास्ते में भोजन के लिए उन्होंने संबलपुरी स्थित खालसा ढाबा पर ट्रेलर रोका। उसी दौरान ढाबे के बाहर हरप्रीत सिंह का कुछ लोगों से विवाद हो रहा था।

विवाद बढ़ता देख मख्खन सिंह के साथ मौजूद दरबारा सिंह और इशाक खान ने बीच-बचाव की कोशिश की। आरोप है कि इससे नाराज होकर हरप्रीत सिंह ने पहले गाली-गलौज की और फिर ढाबे के अंदर से तलवार निकाल लाया।

तलवार से वार, वाहनों में भी की तोड़फोड़

आरोपी ने दरबारा सिंह और इशाक खान पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में दरबारा सिंह की पीठ और इशाक खान के सिर में चोट आई। अचानक हुए हमले से ढाबे में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

आरोप है कि आरोपी ने ट्रेलर चालक मख्खन सिंह और इशाक खान के वाहनों में भी जमकर तोड़फोड़ की। उसने वाहनों के शीशे तोड़ दिए और तलवार लहराते हुए लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस ने तत्काल दबोचा, तलवार बरामद

सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डायल-112 की टीम की मदद से आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया था। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक चोलाराम पटेल और डायल-112 के आरक्षक धीरेंद्र ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।